श्रावस्ती नेपाल सीमा के निकट तराई क्षेत्र में स्थित एक ऐतिहासिक जिला है। यह दुनियाभर में एक प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थल के रूप में जाना जाता है, जहां महात्मा गौतम बुद्ध ने कई वर्षों तक चातुर्मास बिताया था। कृषि, धार्मिक पर्यटन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत श्रावस्ती की प्रमुख विशेषताएं हैं। इसकी बौद्ध विरासत और धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में जिले को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत श्रावस्ती जिले के लिए इमरती का चयन किया गया है।

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद की प्रसिद्ध इमरती अपनी विशिष्ट बनावट, पारंपरिक निर्माण विधि और उत्कृष्ट स्वाद के लिए विशेष पहचान रखती है। उड़द की दाल के महीन घोल से तैयार की जाने वाली इस पारंपरिक मिठाई को देसी घी में सुनहरा तला जाता है तथा केसरयुक्त चाशनी में डुबोकर इसका विशिष्ट स्वाद प्रदान किया जाता है। यह मिठाई श्रावस्ती की समृद्ध पाक परंपरा और स्थानीय खाद्य विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। त्योहारों, शुभ अवसरों एवं पारिवारिक आयोजनों में इमरती का विशेष महत्व रहा है, जिसने इसे जनपद की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा बना दिया है। एक जनपद–एक व्यंजन (ODOC) कार्यक्रम के अंतर्गत श्रावस्ती की इमरती को व्यापक पहचान प्रदान करने तथा इससे जुड़े स्थानीय उद्यमियों और व्यवसायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग एवं विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।