महोबा बुंदेलखंड का एक ऐतिहासिक जिला है, जो वीर राजपूत भाइयों आल्हा और ऊदल की वीरता से जुड़ी कथाओं के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र चंदेल शासकों द्वारा बनवाए गए प्राचीन तालाबों, ग्रेनाइट खनन और यहां उगाए जाने वाले विशिष्ट देसावरी पान के लिए पूरे भारत में जाना जाता है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत महोबा जिले के लिए दाल बाफला, तिलकुट, देसावरी पान और खजूर का गुड़ का चयन किया गया है।

महोबा का दाल-बाफला अपने पारंपरिक स्वाद और देसी घी की खुशबू के लिए विशेष पहचान रखता है। देसी घी में डूबे नरम बाफले और मसालेदार दाल का यह पारंपरिक व्यंजन अपने अनोखे स्वाद और खास बनाने की विधि के कारण लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। बाफलों को पहले उबाला जाता है, फिर धीमी आँच पर सेंककर देसी घी में डुबोया जाता है, जिससे उनका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है। मसालेदार दाल के साथ परोसे जाने पर इसका जायका और अधिक स्वादिष्ट बन जाता है। महोबा में यह व्यंजन केवल भोजन नहीं, बल्कि परंपरा, आतिथ्य और स्थानीय स्वाद की पहचान माना जाता है। एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) पहल के अंतर्गत महोबा के इस पारंपरिक स्वाद को नई पहचान और व्यापक पहुंच दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय व्यंजन और क्षेत्रीय खानपान संस्कृति देशभर में अपनी अलग पहचान बना सके।

महोबा का तिलकुट मुख्य रूप से महोबा शहर, चरखारी, श्रीनगर और कुलपहाड़ में तैयार किया जाता है। सर्दियों के मौसम और मकर संक्रांति के दौरान इसे खास तौर पर पसंद किया जाता है और पूरे क्षेत्र के घरों में इसे तैयार किया जाता है। अपने कुरकुरेपन और पौष्टिक गुणों के कारण तिलकुट की एक अलग पहचान है।

महोबा का देसावरी पान जनपद की समृद्ध खान-पान संस्कृति का एक विशिष्ट प्रतीक है। अपनी मुलायम बनावट, मनमोहक सुगंध और विशिष्ट स्वाद के कारण यह पान विशेष पहचान रखता है। महोबा के खेतों में उगाए जाने वाले पान के पत्तों से तैयार होने वाले इस देसावरी पान की पहचान को बनाए रखने में स्थानीय किसानों की अहम भूमिका है। इस पान को वर्ष 2021 में प्रतिष्ठित भौगोलिक संकेतक (Geographical Indication – GI) टैग प्रदान किया गया, जो इसकी विशिष्ट पहचान का प्रमाण है। ताज़े और बड़े देसावरी पत्तों से तैयार किए जाने वाले इस पारंपरिक पान में कत्था, खाने वाला चूना, गुलकंद, मीठी सुपारी, कटी हुई खजूर अथवा छुआरा, सौंफ, नारियल का बुरादा (खोपरा) तथा टूटी-फ्रूटी जैसी सामग्री का संतुलित उपयोग किया जाता है, जो इसे विशिष्ट स्वाद और आकर्षण प्रदान करता है। शादियों, त्योहारों एवं अतिथि-सत्कार की परंपराओं में देसावरी पान का विशेष महत्व रहा है। एक जनपद–एक व्यंजन (ODOC) पहल के अंतर्गत महोबा के देसावरी पान को व्यापक पहचान प्रदान करने तथा इससे जुड़े स्थानीय व्यवसायों और उद्यमियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग एवं विपणन को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इस पारंपरिक उत्पाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक नई पहचान और व्यापक पहुंच प्रदान की जा सके।

महोबा में खजूर का गुड़ सीमित स्तर पर तैयार किया जाता है। यह पारंपरिक मीठा उत्पाद धीरे-धीरे लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है।