कानपुर नगर उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्र है और इसे “पूर्व का मैनचेस्टर” के नाम से जाना जाता है। यह अपने चमड़ा उद्योग, कपड़ा निर्माण और शैक्षणिक संस्थानों के लिए प्रसिद्ध है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IIT Kanpur) देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में से एक है। गंगा नदी के तट पर स्थित कानपुर नगर को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी भी माना जाता है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत कानपुर नगर जिले के लिए लड्डू, समोसा और मलाई माखन का चयन किया गया है।

कानपुर नगर का प्रसिद्ध समोसा अपने खस्ता आवरण, मसालेदार आलू की भरावन और बेहतरीन स्वाद के लिए पूरे देश में जाना जाता है। मैदा, आलू, हरी मटर (मौसमी), शुद्ध मसालों और शुद्ध तेल से तैयार यह लोकप्रिय व्यंजन सही अनुपात, उचित तापमान और अनुभवी हलवाइयों की कारीगरी का उत्कृष्ट उदाहरण है। धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तला गया समोसा बाहर से खस्ता और अंदर से स्वादिष्ट मसालों से भरपूर होता है, जो हर उम्र के लोगों का पसंदीदा नाश्ता है। ODOC कार्यक्रम के अंतर्गत कानपुर के स्थानीय हलवाइयों, खाद्य उद्यमियों और पारंपरिक खाद्य प्रतिष्ठानों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के माध्यम से सशक्त बनाने का प्रयास किए जा रहे है, ताकि कानपुर के इस प्रतिष्ठित स्वाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक नई पहचान मिल सके। आइए, कानपुर के समोसे का स्वाद लें और 'लोकल से ग्लोबल' की इस यात्रा में स्थानीय उद्यमियों का साथ दें।

सूजी, मावा, काजू, गोंद और शुद्ध देसी घी से तैयार कानपुर नगर के लड्डू अपने लाजवाब स्वाद और पारंपरिक निर्माण विधि के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं। इन्हें धीमी आंच पर सावधानीपूर्वक बनाया जाता है, जिससे इनमें एक खास सौंधापन और मुलायम बनावट आती है, जो इन्हें अन्य मिठाइयों से अलग बनाती है। इन लड्डुओं की मिठास केवल स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय कारीगरों की कुशलता और वर्षों पुरानी परंपरा को भी दर्शाती है। त्योहारों, शादियों, उत्सवों एवं धार्मिक आयोजनों में इन्हें प्रमुख मिठाई के रूप में परोसा जाता हैं। एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) के अंतर्गत, कानपुर नगर के इन पारंपरिक लड्डुओं को नई पहचान, आधुनिक पैकेजिंग और बड़े बाजारों तक पहुँचाने की तैयारी की जा रही है, ताकि ये स्थानीय स्वाद “लोकल से ग्लोबल” बन सके। आइए, स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और क्षेत्रीय परंपराओं को सशक्त बनाएं।

कानपुर नगर का मलाई माखन दूध और मलाई से तैयार की जाने वाली एक पारंपरिक सर्दियों की मिठाई है, जो अपनी हल्की, झागदार बनावट और मिठास के लिए जानी जाती है। इसे पारंपरिक रूप से सर्दियों की ठंडी हवा में दूध और मलाई को ठंडा करके, फिर सावधानीपूर्वक मथकर हल्की और झागदार बनावट में तैयार किया जाता है। इसे अक्सर केसर, इलायची और सूखे मेवों से सजाया जाता है। यह खास सर्दियों की मिठाई कानपुर नगर की खान-पान परंपरा का एक अभिन्न हिस्सा है।