कानपुर नगर के औद्योगिक क्षेत्र के निकट स्थित कानपुर देहात एक ग्रामीण और कृषि आधारित जिला है, जिसका प्रशासनिक मुख्यालय अकबरपुर में है। यह जिला प्लास्टिक उद्योगों और कृषि व्यापार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत कानपुर देहात जिले के लिए लस्सी और खाद्य तेल का चयन किया गया है।

कानपुर देहात की लस्सी अकबरपुर, रूूरा, रसूलाबाद और डेरापुर में खास तौर पर लोकप्रिय है। ताजे दही से तैयार की जाने वाली यह पारंपरिक पेय अपने भरपूर स्वाद और ठंडक देने वाले गुणों के लिए जानी जाती है। गर्मियों के मौसम में इसकी मांग खास तौर पर बढ़ जाती है। इस उद्योग से जुड़ी 100 से अधिक इकाइयों में 600 से अधिक लोग कार्यरत हैं।

कानपुर देहात में खाद्य तेल का उत्पादन मुख्य रूप से रानियां, अकबरपुर, झींझक और रसूलाबाद में किया जाता है। सरसों और राइस ब्रान से तैयार होने वाले तेल स्थानीय कृषि-आधारित उद्योग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जिले में खाद्य तेल प्रसंस्करण की कई इकाइयां संचालित हैं, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी पैदा करती हैं। इस उद्योग से जुड़ी 200 से अधिक इकाइयों में 2,000 से अधिक लोग कार्यरत हैं।