गौतम बुद्ध नगर उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक, तकनीकी और निर्यात केंद्रित जिला है, जो दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का हिस्सा है। इसका प्रशासनिक मुख्यालय नोएडा में स्थित है। गौतम बुद्ध नगर अपने उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे, सॉफ्टवेयर कंपनियों, आधुनिक जीवनशैली, ग्रेटर नोएडा स्थित शैक्षणिक संस्थानों और जेवर एयरपोर्ट के लिए जाना जाता है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत गौतम बुद्ध नगर जिले के लिए केक और बेकरी का चयन किया गया है।

गौतम बुद्ध नगर का केक अपनी मुलायम बनावट, स्वाद और विभिन्न डिज़ाइन व फिलिंग के लिए लोकप्रिय है। चॉकलेट और वनीला से लेकर ताजे फलों और क्रीम तक, केक कई तरह के स्वादों में उपलब्ध होते हैं और जन्मदिन, विवाह समारोहों तथा अन्य विशेष अवसरों पर खूब पसंद किए जाते हैं। जिले में तेजी से बढ़ते बेकरी उद्योग के कारण केक आज गौतम बुद्ध नगर की खान-पान संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं।

गौतम बुद्ध नगर के बेकरी उत्पाद अपनी उच्च गुणवत्ता और नए प्रयोगों के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। जिले के आधुनिक कैफे और बेकरी में विभिन्न प्रकार के डिज़ाइनर केक, मफिन, डोनट्स और पेस्ट्री तैयार की जाती हैं। अपनी मुलायम बनावट, बेहतरीन स्वाद और आकर्षक सजावट के कारण ये उत्पाद विशेष अवसरों और समारोहों में खूब पसंद किए जाते हैं। ये उत्पाद जिले की कॉर्पोरेट संस्कृति का भी अभिन्न हिस्सा बन गए हैं। इस उद्योग से जुड़ी 100 से अधिक इकाइयों में 500 से अधिक लोग कार्यरत हैं।