बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित बांदा जिला शजर पत्थर के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, जो नदी में पाया जाता है और इस पर प्राकृतिक रूप से बने बेहद दुर्लभ और आकर्षक पैटर्न दिखाई देते हैं। ऐतिहासिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कालिंजर किला भी इसी जिले में स्थित है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत बांदा जिले के लिए सोहन हलवा और बालूशाही का चयन किया गया है।

बांदा की बालूशाही बांदा शहर के साथ-साथ अतर्रा, बबेरू और तिंदवारी में भी खास तौर पर बनाई जाती है। मैदा, घी और चीनी की चाशनी से तैयार होने वाली यह मिठाई अपनी कुरकुरी बनावट और स्वादिष्ट मिठास के लिए पसंद की जाती है। त्योहारों, शादी-विवाह और अन्य खास मौकों पर इसकी मांग विशेष रूप से बढ़ जाती है।

घी, मैदा, चीनी और सूखे मेवों से पारंपरिक विधि में तैयार किया जाने वाला बाँदा का सोहन हलवा अपने खास स्वाद और दानेदार बनावट के लिए प्रसिद्ध है। यह सिर्फ मिठाई नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की समृद्ध परंपरा और कारीगरी का प्रतीक है। ODOC पहल के माध्यम से इस पारंपरिक उत्पाद को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाए जाने कि तैयारी है। अगली बार मिठास की बात हो, तो बाँदा के सोहन हलवे को जरूर याद करें!