अमेठी मध्य उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र है। यह हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और कोरवा आयुध निर्माणी जैसे रक्षा उत्पादन प्रतिष्ठानों के लिए जाना जाता है। भारत के समकालीन राजनीतिक इतिहास में भी अमेठी का लंबे समय से महत्वपूर्ण स्थान रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन कार्यक्रम के तहत अमेठी जिले के लिए समोसा, गुड़ की खीर, गुलगुला और बड़ी वाली पूरी का चयन किया गया है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद का यह लोकप्रिय व्यंजन क्षेत्र की समृद्ध खानपान परंपरा और स्थानीय कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है। पारंपरिक मसालों और विधि से तैयार किया जाने वाला यह समोसा अपने खास स्वाद और गुणवत्ता के लिए व्यापक रूप से सराहा जाता है। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ODOC) पहल के अंतर्गत अमेठी के इस समोसे को व्यापक पहचान प्रदान की जा रही है, जिससे यह स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर बड़े बाजारों तक अपनी पहुंच बना रहा है। यह पहल न केवल स्थानीय खाद्य परंपरा के संरक्षण में सहायक है, बल्कि सूक्ष्म उद्यमियों एवं कारीगरों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रही है।

अमेठी की प्रसिद्ध गुड़ की खीर अपनी प्राकृतिक मिठास, पौष्टिकता और पारंपरिक स्वाद के लिए जानी जाती है। चावल, शुद्ध दूध, देशी गुड़ और सूखे मेवों के संतुलित मिश्रण को धीमी आंच पर धैर्यपूर्वक पकाया जाता है। सही तापमान, गुड़ मिलाने का उचित समय और हलवाई की कुशलता इस साधारण मिश्रण को एक सुगंधित, गाढ़ी और स्वादिष्ट मिठाई में बदल देती है। ODOC कार्यक्रम के अंतर्गत अमेठी के स्थानीय हलवाइयों और खाद्य उद्यमियों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के माध्यम से सशक्त बनाया जाने के प्रयास किए जा रहे है, ताकि इस पारंपरिक मिठाई को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक नई पहचान मिल सके। आइए, अमेठी की गुड़ की खीर का स्वाद लें और 'लोकल से ग्लोबल' की इस यात्रा में स्थानीय उद्यमियों का साथ दें।

गुलगुला गुड़, गेहूं के आटे और सौंफ से तैयार की जाने वाली एक पारंपरिक मिठाई है। इसे खास तौर पर जायस, गौरीगंज, संग्रामपुर और मुसाफिरखाना में तैयार किया जाता है। मेलों, धार्मिक आयोजनों और घरेलू समारोहों में गुलगुले परोसे जाते हैं और अपनी खास सुगंध व स्वाद के कारण लोगों को आकर्षित करते हैं।

अमेठी की बड़ी वाली पूरी गौरीगंज, तिलोई, जायस और भादर में खास तौर पर प्रसिद्ध है। सामान्य पूरी की तुलना में आकार में बड़ी यह पूरी विशेष अवसरों, दावतों और धार्मिक आयोजनों में सब्जी की करी और रायते के साथ परोसी जाती है। यह अमेठी क्षेत्र का बेहद लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजन है।